अधवाणी में दो माह से पेयजल संकट

हमीरपुर। ग्राम पंचायत झनियारा के अधवाणी गांव में दो माह से पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है। इस कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि संबंधित विभाग को समस्या के प्रति अवगत करवाया गया है लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। इससे क्षेत्र के लोगों में विभाग के प्रति रोष पनप रहा है।
स्थानीय लोगों में देवराज, स्वरूप सिंह, विक्रम सिंह, धर्म सिंह, प्रताप, संजय, नरेश कुमार और सुरेश आदि का कहना है कि अधवाणी गांव में करीब दो माह से पेयजल संकट गहराया हुआ है। गांव में लोगों को नाममात्र की पेयजल आपूर्ति होती है। समस्या के समाधान को करीब एक वर्ष पहले नई पाइप लाइन सेक्शन हुई थी लेकिन अभी तक पाइप लाइन को बिछाने का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। लोगों का आरोप है कि पंचायत के दूसरे गांवों में पेयजल आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में हो रही है। यहां तक कि लोग खेतों में भी पानी डालकर सब्जियां आदि उगा रहे हैं लेकिन विभाग ऐसे उपभोक्ताओं पर शिकंजा नहीं कस रहा है। जबकि अधवाणी गांव में पेयजल संकट गहराया है। लोगों ने विभाग से मांग की कि क्षेत्र में पानी की आपूर्ति को नियमित किया जाए और सेक्शन नई पाइप लाइन को तुरंत डाला जाए।
उधर, आईपीएच विभाग के एसडीओ अमी चंद का कहना है कि जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। जहां तक पंचायत के दूसरे गांवों में पानी का दुरुपयोग करने की बात है तो ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related posts