ढाई रुपये में मिलेगी बुखार की दवा

शिमला। राज्य के सबसे बड़े अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) और दीन दयाल उपाध्याय जोनल अस्पताल (रिपन) के जन औषधि केंद्रों के ताले खुलने जा रहे हैं। मरीजों को दोबारा सस्ती दवाएं नसीब हो सकेंगी। डाक्टरों को मरीज की पर्ची पर जेनरिक दवाएं लिखना अनिवार्य किया जाएगा और दवाओं के सप्लाई सिस्टम को भी दुरुस्त किया जाएगा।
इन केंद्रों के ताले खुलने से बाजार में 20 रुपये में मिलने वाली एलर्जी की सिटराजीन (दस एमजी) की दस गोलियां 2.75 रुपये में उपलब्ध होगी। इसी तरह 500 एमजी की पैरासीटामोल की 10 गोलियों के पैकेट की बाजार में कीमत 10 रुपये है जबकि इन केंद्रों में 2.45 रुपये में उपलब्ध हो जाएगी। खांसी की दवा भी बाजार में कम से कम 33 रुपये में उपलब्ध है जबकि इन केंद्रों में मात्र 13.30 रुपये में मिल जाएगी।
मौजूदा समय में आईजीएमसी और रिपन में जन औषधि केंद्रों में ताले लटके हुए हैं। इन केंद्रों में तैनात फार्मासिस्ट की मासिक सैलरी भी अस्पताल प्रबंधन को निकालना मुश्किल हो रहा था। इन केंद्रों में तालाबंदी के दो प्रमुख कारण रहे। पहला दवाओं की नियमित सप्लाई न मिलना, दूसरा मरीज की पर्ची पर जेनेरिक दवाओं का न लिखना। इस कारण प्रबंधन ने इन केंद्रों पर ताले जड़ दिए। लेकिन अब दोबारा से सस्ती दवाएं मुहैया कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बड़े ब्रांड की दवाओं की कीमतों और जन औषधि स्टोर के जरिये बेची जा रही गैर ब्रांड की जेनेरिक दवाओं की कीमतों में काफी अंतर है। शिमला में राज्य स्तरीय अस्पताल आईजीएमसी और रिपन में ये केंद्र खुले। राज्य सरकार ने इन केंद्रों के जरिये आम लोगों को बेहद सस्ते दामों पर दवा उपलब्ध करवाने का दावा किया लेकिन केंद्रों के खुलने से पहले ही विवाद उठना शुरू हो गया। कुछ डाक्टर इस पक्ष में थे कि इसमें मिलने वाली जेनेरिक दवा ब्रांडेड दवा का मुकाबला नहीं कर सकतीं। मरीजों के लिए जेनेरिक उतनी असरदार नहीं, जितनी ब्रांडेड दवा है। लिहाजा, जन औषधि केंद्र खुलने के बाद डाक्टरों का अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण इन केंद्रों में तालाबंदी की नौबत आई।

आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश ने कहा कि यहां बंद पड़े जन औषधि केंद्र को खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रिपन के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. दिलीप कंवर ने कहा कि जन औषधि केंद्र को फिर से शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही केंद्र खुल जाएगा।

Related posts