
जमटा (सिरमौर)। थाना सदर नाहन के अंतर्गत बीती रात तकरीबन 2 बजे पांवटा से वाया बिरला जमटा की ओर आ रहा एक ट्रक संख्या एचपी71-1304 डगराहां के समीप लगभग 200 फुट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में ट्रक चालक यशपाल निवासी खड़खोली गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि परिचालक जयपाल निवासी लोहारा टिक्करी को मामूली चोटें पहुंची हैं। जहां घायल परिचालक को नाहन चिकित्सालय में भरती करवाया गया है।
शुक्रवार देर रात को नाहन-भरोग बनेड़ी मार्ग पर जमटा के करीब डगराहां इलाके में स्थानीय निवासियों ने जैसे ही वाहन के खाई में लुढ़कने की आवाज सुनी तो घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय निवासी रामानंद ठाकुर ने फौरन खाई में उतर कर घायलों को किसी तरीके से बाहर निकाला। बाद में 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। जहां घायल जयपाल को अस्पताल में भरती कराया गया। जबकि एक अन्य घायल यशपाल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
