दुष्कर्म की एसपी से शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई

तीसा (चंबा)। उपमंडल क्षेत्र में एक नाबालिग युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस का ढुलमुल रवैया सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक युवक ने इस युवती को झांसे में फंसा कर उससे दुष्कर्म किया है। इस संबंध में आरोपी युवक के समुदाय के लोग मुकदमा दर्ज न करने का दबाव बना रहे हैं। लड़की के परिजन एफआईआर दर्ज करवाने जिला मुख्यालय में पहुंचे थे। उन्होंने एसपी बीएम शर्मा से मुलाकात करके इस मामले की जानकारी दी और पुलिस कार्रवाई की मांग की थी। इस पर एसपी ने एसएचओ तीसा को तुरंत मुकदमा दर्ज करके आरोपी पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए थे। अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया है।
सूत्रों से पता चला है कि दबाव के चलते लड़की व उसके परिजन मुकदमा दर्ज करवाने पुलिस थाने में नहीं पहुंच पा रहे हैं। दूसरा पक्ष उन पर समझौता करने का दबाव बनाने में लगा हुआ है। मुकदमा दर्ज न होने बारे पूछे जाने पर एसएचओ तीसा शरीफ मोहम्मद ने बताया कि वह किसी काम से चंबा आए हुए हैं। उन्होंने माना कि उन्हें लड़की से दुष्कर्म किए जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में एसपी ने मुकदमा दर्ज करने के निर्देश भी जारी किए थे। रविवार शाम तक शिकायतकर्ता रिपोर्ट दर्ज करवाने थाने नहीं पहुंचे हैं। इस कारण मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया है। उधर, एसपी बीएम शर्मा ने माना कि शनिवार को पीड़ित परिवार के दो सदस्य उनसे मिलने चंबा पहुंचे थे। उनकी लड़की अभी नाबालिग है और उससे एक युवक ने दुष्कर्म किया है। एसपी ने बताया कि उन्हें पुलिस की पूरी सहायता का भरोसा देकर शिकायत दर्ज करवाने तीसा भेजा गया था। वह रविवार को शिमला रवाना हुए हैं। इस बीच उनके थाने में न पहुंचने की सूचना उन्हें नहीं है।

Related posts