युवाओं को कालेज का बेसब्री से इंतजार

चंबा। प्रदेश के महाविद्यालयों में 11 जून से नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इन दिनों महाविद्यालय में छुट्टियां चल रही हैं। दस जून को छुट्टियां समाप्त होते ही बीए, बीएसी व बीकाम के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कालेज प्रशासन नए सत्र की तैयारियों के मद्देनजर जल्द बैठक बुलाएंगे। इसमें नए सत्र की रूपरेखा तैयार की जाएगी। कालेज में प्रवेश पाने के इच्छुक बारहवीं की कक्षा पास कर चुके प्रदेश के हजारों युवाओं को कालेज खुलने का बेसब्री से इंतजार है। युवाओं को इंतजार दस जून के बाद खत्म होगा। बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुके हजारों युवा घरों में समय किसी तरह समय बीता रहे हैं। कई युवा इन दिनों अन्य संस्थानों में प्रवेश लेकर अपनी पढ़ाई शुरू कर चुके हैं। जिला चंबा बारहवीं पास कर चुके युवाओं सुधीर कुमार, अजीत, अजय ठाकुर, निर्मल सिंह, सोनम सोनी, सपना ठाकुर, भावना, मंजू वर्मा, वंदना चौधरी, योगराज शर्मा, अभय महाजन ने बताया कि वे कालेज में प्रवेश लेने के लिए काफी उत्सुक हैं। चंबा कालेज के उप प्राचार्य डा. पीके गुप्ता ने बताया कि 11 जून से प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं।
नए सत्र सबसे खास बात यह रहेगी कि इस वार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय सेमेस्टर सिस्टम लागू करेगा। इसमें 6-6 माह के दो सेमेस्टर प्रस्तावित हैं। प्रथम सेमेस्टर जून से दिसंबर तथा दूसरा सेमेस्टर जनवरी से जून तक चलेगा। इस बारे में अभी तक कालेजों को विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कोई लिखित निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। एचपीयू इस बार सेमेस्टर सिस्टम शुरू करने की पूरी तैयारी कर चुका है।
छात्र संगठन भी नए सत्र की तैयारियों के लिए सक्रिय हो गए हैं। छात्र संगठनों ने नए सत्र की तैयारियों के लिए बैठकों की तिथियां तय कर दी हैं। एनएसयूआई, एसएफआइ व एबीवीपी छात्र संगठन नए सत्र में गाइडेंस ब्यूरों कालेजों में स्थापित करने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। एनएसयूआई के परिसर अध्यक्ष चंदन नरूला ने बताया कि इकाई की बैठक 5 जून को रखी गई है। बैठक में विभिन्न कमेटियों के गठन के बारे में चर्चा की जाएगी।

Related posts