
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को मंदिर मार्ग पर पंजाब पुलिस के सब इंस्पेक्टर की ओर से गाड़ी गलत तरीके से पार्क करने पर चालान काटकर उसके हाथों में थमा दिया। जानकारी के मुताबिक एक इंडिका कार नंबर पीबी-56 सी-1212 सुबह साढ़े छह बजे के करीब मंदिर रोड पर पहुंची। मालिक कार को गलत तरीके से पार्क कर मंदिर में माथा टेकने चला गया। इससे यातायात में व्यवधान पड़ा। घंटों तक ट्रैफिक कर्मी उसका इंतजार करते रहे। जब वह लौटा तो कर्मियों ने चालान काट दिया। गाड़ी पंजाब के धारीवाल में कार्यरत पंजाब पुलिस के सब इंस्पेक्टर की है। चालान काटने की पुष्टि करते हुए ट्रैफिक इंचार्ज सूरज प्रकाश ने बताया कि पंजाब पुलिस में कार्यरत सब इंस्पेक्टर ने अपनी गाड़ी को मंदिर रोड पर गलत जगह खड़ा किया था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। साथ ही श्रद्धालुओं की लाइन व्यवस्था भी अव्यवस्थित हो रही थी। गाड़ी का चालान काटकर 600 रुपए जुर्माना मौके पर ही वसूल किया है।
