ट्रिपल राइडिंग पर कसा शिकंजा

बंगाणा (ऊना)। जिले में ‘अमर उजाला’ की ओर से ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम रंग ला रही है। पुलिस ने ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। रविवार को बंगाणा पुलिस ने ट्रिपल राइडिंग, बिना हेल्मेट और ड्राइविंग करते वक्त मोबाइल पर बात करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि पुलिस की ओर से ऐसे लोगों के चालान काटकर उन्हें दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग के माध्यम से हो रही ओवर लोडिंग के दुष्प्रभावों के बारे में बताया जाएगा। जिससे दोपहिया वाहन चालक जागरूक होकर अपनी जान क ी हिफाजत कर सकें। कानून की नजर सब समान हैं। यातायात नियमों का पालन करने से आम जनता की ही सुरक्षा है। पुलिस इस दिशा में किसी को कोई ढील नहीं देगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। जुर्माना न भरने पर वाहन जब्त किए जाएंगे। रविवार को बंगाणा के थाना प्रभारी रामदास कौशल, एएसआई सुशील कुमार, राजेंद्र कुमार, सचिन कुमार तथा रफीक मुहम्मद की टीम ने ननावीं में नाके के दौरान ट्रिपल राइडिंग, बिना हेल्मेट तथा वाहन चलाते वक्त मोबाइल पर बात करने वालों के खिलाफ चलाई गई मुहिम में 27 चालान काटकर 7200 रुपए का जुर्माना वसूला। तीन वाहन चालकों के केस कोर्ट को रेफर किए गए। थाना प्रभारी ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की यह मुहिम निरंतर जारी रहेगी। एसआई कौशल ने जनता से पुलिस की इस मुहिम में सहयोग की अपील की है।

Related posts