बरनोह की दुकान से उड़ाई नगदी

ऊना/हरोली। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती बरनोह स्थित कुरियाला मोड़ के एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में दिनदिहाड़े चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई है। अज्ञात शातिरों ने 15 हजार रुपए की नगदी पर हाथ साफ कर डाला है। पीड़ित व्यापारी ने घटना के संदर्भ में पुलिस को सूचित कर दिया है। जबकि, पुलिस ने भी केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जयलक्ष्मी पेंट्स नामक एक दुकान में चोरों ने गल्ला तोड़ कर 15 हजार की नकदी पर हाथ साफ कर डाला। दुकान के मालिक विजय शर्मा पुत्र ओम प्रकाश शर्मा निवासी बरनोह दुकान के पीछे स्थित अपने घर में कुछ सामान लाने गए हुए थे। इसी दौरान शातिरों ने हाथ साफ कर डाला। एसएचओ ऊना केएल बैरी ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
उधर, सलोह चौक स्थित एक दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक सलोह चौक स्थित वेल्डिंग की एक दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर साढ़े नौ क्विंटल लोहा चुरा लिया है। दुकानदार दयाल सिंह पुत्र कर्म सिंह निवासी बढेड़ा अप्पर को रविवार सुबह दुकान पर पहुंचने के बाद वारदात का पता चल पाया। उसने तुरंत पंडोगा पुलिस चौकी में पूरे मामले की सूचना दी। पंडोगा पुलिस चौकी प्रभारी अमी चंद ने बताया कि घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts