
चौपाल (शिमला)। विधायक बलवीर वर्मा ने ग्राम पंचायत सरांह के गांव शलान में अग्नि प्रभावितों को 1.40 लाख रुपये की सहायता राशि बांटी। विधायक ने यह राशि निजी तौर पर उपलब्ध करवाई है। मौके पर पहुंच कर विधायक ने सभी प्रभावितों को घर बनाने के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। विधायक ने आगजनी से प्रभावित परिवारों में रमेश चंद को बीस हजार, धनीराम को पंद्रह हजार, विमला देवी को पंद्रह हजार, दुलाराम, नरेश, किरपाराम, विनोद, मस्तराम, रामलाल, श्याम लाल, श्याम सिंह और राजेंद्र को दस-दस हजार रुपये बतौर राहत अपनी ओर से दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावितों को पंद्रह दिन के भीतर सरकार से मिलने वाली राहत राशि भी उलपब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने आग से प्रभावितों को नए मकान बनाने में भी हरसंभव सरकार से सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होेंने सभी परिवारों के प्रति आग से नुकसान की घटना पर दुख व्यक्त किया। इस मौके पर कांग्रेस जिला महासचिव धीरेंद्र चौहान, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ठाकुर चंद्र मोहन, पार्षद दीपक पनाईक, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र औक्टा, देहा के प्रधान पवन चौहान तथा पूर्व प्रधान प्रताप चौहान भी विधायक के साथ उपस्थित थे।
गैस एजेंसी में जमा कराएं आधार कार्ड की छाया प्रति
चौपाल (शिमला)। भारत सरकार के निर्देशानुसार सब्सिडी खातों में डालने के लिए आधार कार्ड की फोटो कॉपी गैस एजेंसी में जमा करवाने को कहा गया है। गैस एजेंसी चौपाल के प्रभारी विरेंद्र शर्मा ने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को अपने आधार कार्ड की एक छाया प्रति उनके कार्यालय में जमा करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि एक प्रति संबंधित बैंक में जमा करें, जहां उपभोक्ता का बैंक में खाता खुला है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जारी निर्देश के अनुसार सब्सिडी की धनराशि सीधे उपभोक्ता के बैंक खाते में स्थानांतरित होगी।
