बाइक-स्कूटरों पर ढोया जा रहा पेयजल

पालकवाह (ऊना)। ग्राम पंचायत पालकवाह में लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। एक ओर जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, वहीं लोग पीने का पानी ढूंढने के लिए स्कूटरों और बाइकों पर दूसरे गांवों में चक्कर लगा रहे हैं। गांव में चल रहे शादी समारोहों के अतिरिक्त अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के लिए लोग दूसरे गांवों से पैसे खर्च कर पानी के टैंकर मंगवाने को विवश हैं। वहीं, गर्मी के ऐसे मौसम में एक टैंकर से काम चलाना भी लोगों के लिए टेढ़ी खीर बनता जा रहा है। पानी न मिलने से लोगों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रभावित लोगों ने खाली घड़े लेकर जिला मुख्यालय और विभाग के स्थानीय कार्यालयों के समक्ष प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। स्थानीय लोगों में रमेश चंद शर्मा, दिलबाग सिंह, राजीव, शिव कुमार, कर्म चंद, मंगत राम, विनोद कुमार, दलबीर, जसवीर राणा, यशपाल सिंह, नत्थू राम, जसवीर सिंह, प्रवीण फौजी, बिट्टा राणा का कहना है कि शनिवार को कई घरों में पूर्णिमा उद्यापन को लेकर धार्मिक अनुष्ठान और भंडारों का आयोजन किया गया था, लेकिन पानी न मिलने के कारण लोग बेहाल हो रहे थे। उन्होंने बताया कि शनिवार को ग्राम पंचायत में लगभग आधा दर्जन बड़े आयोजन किए गए। जिनमें पानी की आपूर्ति को लेकर लोगों को दूरदराज से टैंकर मंगवाने पड़ गए।
उन्हाेंने बताया कि पालकवाह में कभी विद्युत कटों के चलते लोग परेशान रहते हैं तो कभी पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पाती। अब बिजली सप्लाई सुचारु हुई है तो पानी नहीं मिल रहा है। उधर, आईपीएच के अधिशासी अभियंता मुकेश हीरा का कहना है कि समस्या ध्यान में लाई गई है। जल्द ही कर्मचारियों से रिपोर्ट तलब कर लोगों की समस्या को हल किया जाएगा।

Related posts