विद्युत कटों के खिलाफ भड़का गुस्सा

ऊना। लंबे-लंबे विद्युत कटों से तंग आकर कोटला कलां वासियों ने विद्युत बोर्ड के खिलाफ जमकर गुबार निकाला। लोगों ने देर रात सड़क पर उतर कर खूब नारेबाजी की। कोटला कलां में कई दिनों से विद्युत कट लग रहे हैं। जिससे लोगों एवं व्यापारी वर्ग के काम प्रभावित हो रहे हैं। क्षेत्र में कब विद्युत कट लग जाए, किसी को कोई जानकारी नहीं है। एक बार बिजली बंद हो जाए तो छह-छह घंटे बिजली नहीं आती। एक तरफ जहां भीषण गर्मी ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है, दूसरी ओर लंबे अघोषित कटों ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा रखी हैं। लोगों ने विद्युत बोर्ड के खिलाफ गहरा रोष जताया है।
स्थानीय लोगों में राम प्रकाश, जितेंद्र सिंह, राज कुमार, प्रीतम कुमार, कमल किशोर, संदीप शर्मा का कहना है कि शुक्रवार शाम को अचानक लाइट चली गई, लेकिन विद्युत आपूर्ति सुबह तक सुचारु नहीं हो पाई। जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत कर्मियों को सूचित करने के बावजूद कोई कर्मी वहां नहीं पहुंचा। विद्युत कटों का सिलसिला पिछले कई दिन से चल रहा है। कई दफा तो तपती दोपहरी में लोगों को पंखों का सहारा भी नहीं मिल पाता है, जबकि रात्रि के समय लगने वाले लंबे-लंबे कटों के बीच छोटे-छोटे बच्चों को गर्मी और मच्छरों से परेशान होना पड़ता है। लोगों ने कहा कि रोजाना लगने वाले कटों को बंद न किया तो उन्हें मजबूरन कार्यालय का घेराव करना पड़ेगा। उधर, विद्युत बोर्ड के एक्सईएन डीएम ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।

Related posts