स्कूलों से परिणाम की रिपोर्ट तलब

आनी (कुल्लू)। शिक्षा विभाग ने कुल्लू जिले के सभी स्कूलों से परीक्षा परिणाम की रिपोर्ट मांगी है। कई स्कूलों में परिणाम खराब रहने पर शिक्षा विभाग ने तेवर तीखे कर लिए हैं। 28 मई को कुल्लू में बैठक बुलाई गई है। इसमें स्कूलों के भीतर बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने पर चर्चा के साथ ही खराब रिजल्ट वाले स्कूलों के प्रमुखों को फटकार लगना तय है।
जिला कुल्लू में कई स्कूलों में दसवीं और बारहवीं का वार्षिक परीक्षा परिणाम बेहद निराशाजनक रहा है। इससे शिक्षा विभाग के अधिकारी न केवल निराश हैं, बल्कि गुस्से में भी हैं। शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों ने सभी स्कूलों से परिणाम की रिपोर्ट कुल्लू मंगवाई है। विभाग के अधिकारी कुल्लू में स्कूल प्रमुखों के साथ 28 मई को विशेष बैठक करेंगे। यह तय है कि जिन स्कूलों में रिजल्ट खराब रहा (यानी 25 प्रतिशत से नीचे), उनके प्रमुखों को फटकार भी लगेगी। उच्च शिक्षा उपनिदेशक कुल्लू जगदीश ने 28 को कुल्लू में विशेष बैठक रखे जाने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि बैठक में हाईस्कूल और जमा दो स्कूल के प्रमुखों को विशेष तौर पर उपस्थिति रहने को कहा गया है। अगर आदेशों के अनुरूप कोई स्कूल प्रमुख इस बैठक में शरीक नहीं होगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रमुख बैठक में 2009-10 से लेकर 2012-13 तक की सभी प्रकार की छात्रवृत्तियों के लिए आधार नंबर भी साथ लाएं। इसी तरह 27 मई को जिले के स्कूलों के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों के साथ भी बैठक होगी। इसमें खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के बारे में चर्चा होगी।

Related posts