
नादौन (हमीरपुर)। संत निरंकारी मिशन के प्रमुख निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज के 25 मई को नादौन (भड़ोली) में प्रादेशिक समागम में भाग लेने के लिए आ रहे हैं। भक्तों ने समागम की तैयारियों के तहत शुक्रवार को सुबह सबेरे से ही स्थानीय सड़काें पर सफाई अभियान तेज कर दिया। भीष्ण गर्मी के बावजूद सैकड़ों भक्त टोलियों में एनएच 88 नादौन-ज्वाला जी, नादौन-हमीरपुर तथा नादौन होशियार सड़क पर और आसपास बिखरी गंदगी को हटाने में जुटे रहे। बाबा जी के अनुयाइयों ने मात्र एक ही दिन में सफाई अभियान चलाकर सड़कों तथा रास्ताें को गंदगी मुक्त बनाकर तस्वीर ही बदल डाली है।
नादौन शहर के लोग वैसे भी नगर पंचायत द्वारा मुख्य सड़काें पर सफाई व्यवस्था ठीक से न चलाने के कारण काफी तंगी झेल रहे थे जिससे उनको अभियान के बाद गंदगी से निजात मिली है। आस्था कहें या बाबा जी के प्रति अपार श्रद्धा कि उनके आगमन से पहले विपरीत मौसम के बावजूद सफाई अभियान में जुटे भक्तों के समक्ष मौसम की बेरुखी भी आड़े नहीं आ रही है। प्रशासन द्वारा चलाए जाने वाले किसी अभियान के दौरान भी सड़कों के रंग रूप में ुपरिवर्तन देखने को नहीं मिलता, जैसा कि अब बाबा के भक्तों के अभियान के बाद देखने को मिल रहा है।
बाबा जी के अनन्य भक्त तथा पूरी व्यवस्था को देख रहे जिला परिषद उपाध्यक्ष चौधरी चंदू लाल ने बताया कि निरंकारी बाबा श्री हरदेव सिंह महाराज की कृपा में चलाया जा रहा संत निरंकारी मिशन कोई प्रचलित धर्म या संप्रदाय नहीं हैं बल्कि एक आध्यात्मिक विचारधारा है। भक्तों को मर्यादित जीवन जीने की एक पद्धति सिखाई जाती है। निरंकारी मिशन का प्रचार वर्ष 1929 में बाबा बूटा सिंह महाराज ने पेशावर में शुरू किया था। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक संत बाबा हरदेव सिंह महाराज के मुखारविंद से प्रवचन सुनने का सुअवसर क्षेत्र के लोगाें को 25 तथा 26 मई को प्राप्त होगा।
