सराहां पुलिस पर मारपीट करने का आरोप

नाहन (सिरमौर)। सराहां पुलिस द्वारा धौलाकुआं निवासी एक व्यक्ति पर जबरन मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यक्ति मोहन सिंह ने बाद में इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक सुमेधा द्विवेदी से की। मामले को संज्ञान में लाते हुए एसपी सिरमौर ने डीएसपी राजगढ़ को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एसपी ने कहा है कि इसकी जांच पारदर्शिता से की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
धौलाकुआं निवासी मोहन सिंह ने एसपी को सौंपी गई अपनी शिकायत में बताया कि वह 21 मई की रात को नालागढ़ के रड़ियाली गांव से पिकअप नंबर-एचपी-71-1559 में 2 बैलों को लेकर धौलाकुआं आ रहा था। इसी दौरान रात 9 बजे के करीब सराहां में एसएचओ सहित कुछ कांस्टेबलों ने उसे रोककर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि उसने पुलिस को सभी कागजात दिखाए। बावजूद उसके साथ बदसलूकी तथा मारपीट की गई। यही नहीं, पुलिस वाले बाद में पीड़ित की गाड़ी को अपने साथ ले गए। जहां पर पुलिस कर्मियों ने मोहन सिंह से गाड़ी छोड़ने के बदले में 5 हजार रुपए की मांग की।
मोहन सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पास घटना के समय पैसे नहीं थे। वह अपने सारे पैसे 8 हजार रुपए देकर बैलों को खरीदकर लाया था। पुलिस वालों ने उसकी एक न सुनी। पीड़ित ने बताया कि उसके बैल किसी दूसरे को दे दिए। बाद में उसे वहां से भगा दिया।
उधर इस मामले में थाना प्रभारी सराहां दलबीर सिंह चौधरी ने बताया कि सराहां पुलिस ने मोहन सिंह के साथ कोई मारपीट नहीं की। यह आरोप निराधार हैं। जांच के बाद मोहन सिंह को छोड़ दिया गया था।
उधर डीएसपी राजगढ़ बीएस बरागटा ने बताया कि एसपी सिरमौर ने उन्हें आदेश दिए हैं कि थाना प्रभारी सराहां व उनके साथ ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की पीड़ित की शिकायत के आधार पर जांच की जाए।

Related posts