
पांवटा साहिब (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र के खोड़ोवाला-पुरुवाला क्षेत्र में एआरटीओ की टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम द्वारा करीब 100 वाहनों की चैकिंग की गई। ओवर लोडिंग की क्षेत्र से शिकायतें ज्यादा आ रही थी।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दो दर्जन वाहनों से करीब 1.46 लाख जुर्माना राशि वसूली गई। एआरटीओ टीम के क्षेत्र में पहुंचते ही वाहन संचालकों में हड़कंप मची रही। कुछ अधूरी दस्तावेजों वाले वाहनों को चालक, सड़क किनारे खड़ा कर खिसकते बने। एआरटीओ पांवटा सोना चौहान की टीम ने पांवटा के गिरिपार क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान गिरिपार के खोड़ोवाला व पुरुवाला क्षेत्र में वाहनों की चैकिंग हुई। खनन क्षेत्र से लद कर आ रहे ट्रकों के दस्तावेज खंगाले गए। इनमें करीब दो दर्जन ट्रकों में ओवर लोडिंग पाई गई। ओवर लोडिंग होने पर वाहनों के चालान किए गए। वाहन संचालकों से जुर्माना राशि वसूली गई। टीम ने आसपास क्षेत्र में दर्जनों छोटे वाहनों की भी चैकिंग की गई। कुछ वाहन संचालकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। गिरिपार क्षेत्र में एआरटीओ टीम के पहुंचने की खबर तेजी से फैल गई। इसके बाद ओवर लोडिंग व अधूरे दस्तावेज वाले वाहनों के चालाक वाहन जगह-जगह सड़क किनारे खड़े कर भाग खड़े हुए। यातायात नियम कानून तोड़ने वाले ट्रक चालकों में हड़कंप मचा रहा। विशेषकर ओवर लोडिंग करने वाले वाहन चालक-संचालक तो पहले ही भाग खड़े हुए।
उधर, एआरटीओ सोना चौहान ने पुष्टि की है। एआरटीओ ने कहा कि पुरुवाला खोड़ंोवाला क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान दो दर्जन वाहनों के चालान हुए जिसमें एक लाख 46 हजार 500 जुर्माना राशि वाहन संचालकों से वसूली गई है। ओवर लोडिंग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पांवटा, गिरिपार व आसपास क्षेत्र में इस तरह का औचक निरीक्षण किया जाएगा।
