थम गई सिटी की रफ्तार, जाम से हाल-बेहाल

शिमला। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान शुक्रवार को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था डगमगा गई। प्रचंड गरमी में लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में भी भारी परेशानी होती रही। ट्रैफिक विंग में मुट्ठी भर कर्मचारियों की मौजूदगी के कारण सिटी में अधिकांश जगह ट्रैफिक जाम होता रहा। केवल इक्कीस कर्मचारी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था संभाले हुए थे।
राष्ट्रपति के दौरे के साथ साथ शहर में पर्यटकों की आमद बढ़ने से पुलिस की परेशानी और बढ़ गई है। कार्ट रोड, बालूगंज, और लक्कड़ बाजार में ट्रैफिक जाम की सबसे अधिक दिक्कत रही। राष्ट्रपति के वाहन काफिले के दौरान सिटी का ट्रैफिक रोक दिया गया। शाम चार से पांच बजे तक समरहिल के लिए बसें बंद कर दी गई थी। इस दौरान ट्रैफिक जाम लगा रहा।
इसके अलावा चौड़ा मैदान बाजार को बंद कर दिया गया। सीटीओ चौक से अलग-अलग रूटों पर जाने वाली टैक्सियों को भी चलने की इजाजत नहीं दी गई। इतना ही नहीं कनैडी चौक से चौड़ा मैदान की ओर जाने वाले रूटों पर निजी वाहनों के चलने पर भी पाबंदी लगा दी गई। इस कारण स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
समरहिल की ओर से चौड़ा मैदान जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया था।
होटल कारोबारियों के अलावा इस इलाके में रहने वाले स्थानीय लोग भी पैदल ही गंतव्य की ओर जाते दिखे। राष्ट्रपति का काफिला जब विश्वविद्यालय की ओर गुजरा तो उस तरफ जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए। राष्ट्रपति के वहां से गुजर देने के बाद और विश्वविद्यालय पहुंचने के बाद ही रास्ते खोले गए।
उधर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि पच्चीस मई तक रिट्रीट से लेकर नवबहार चौक, अनाडेल से प्रदेश विश्वविद्यालय वाया कनैडी चौक और एडवांस स्टडी में गाड़ियों की पार्किंग पर प्रतिबंध हैं। राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर यह कदम उठाए गए हैं।

Related posts