दुकान से लाखों के कपडे़ ले गए चोर

पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर में चोरों ने एक बार वारदात को अंजाम देकर हड़कंप मच गया है। शातिरों ने अब एक गारमेंट्स शॉप को अपना निशाना बनाया है। चोर वीरवार रात दुकान से लाखों रुपए के कपड़े व अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार पालमपुर में गारमेंट्स की दुकान से वीरवार रात चोर लाखों रुपए का सामान उड़ा ले गए हैं। पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में दुकान मालिक राजेश गवाना ने कहा कि उन्होंने नई सब्जी मंडी के पास दुकान किराए पर ले रखी है। वह वीरवार रात दुकान को बंद कर अपने घर चले गए। लेकिन सुबह उनके एक दोस्त ने दुकान का शटर व ताले तोड़ने की बात कही। इसका पता लगते ही जब वह दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान का ताला व शटर टूटे हुए थे। जबकि शीशे का लगाया हुआ दरवाजा भी चोरों ने तोड़ दिया है।
उन्होंने अंदर जाकर देखा तो चोर उनकी दुकान से महंगे कपड़ों के साथ सीपीयू, प्रिंटर, स्पीकर समेत अन्य सामान ले गए थे। इससे उन्हें करीब डेढ़-दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है। चोरी की वारदात को लेकर फोरेसिंक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा कर कुछ महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं। पालमपुर में दुकान में हुई चोरी से दुकानदारों व अन्य लोगों में फिर से दहशत छा गई है। उधर, डीएसपी मनमोहन सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तथ्य जुटाए हैं।

Related posts