
पालमपुर (कांगड़ा)। शहर के एक प्रतिष्ठित बैंक में हुए गोल्ड लोन के गड़बड़झाले को लेकर पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले में दर्जन भर से अधिक नामजद हुए लोगों के साथ महिलाओं का नाम भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार बैंक की ओर से पुलिस में गोल्ड लोन को लेकर दर्ज करवाई गई शिकायत पर पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। लेकिन अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसका बड़ा कारण अभी तक पुलिस के पास बैंक का रिकार्ड न आना भी बताया गया है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि पुलिस की अगली जांच बैंक से रिकार्ड आते ही शुरू होगी। लेकिन बैंक अभी तक पुलिस को अपना रिकार्ड उपलब्ध नहीं करवा पाया है। इसके लिए बैंक प्रबंधन मुख्य कार्यालय से परमिशन लेने की बात कर रहा है। इसके चलते पुलिस को अपना अगला कदम बढ़ाने में दिक्कत आ रही है। सूत्र बताते हैं कि लाखों के हुए इस गड़बड़झाले में कई लोगों ने बैंक का पैसा वापस भी कर दिया है। इससे करीब साढे़ ग्यारह लाख की रिकवरी भी हुई है। पुलिस सूत्रों की मानेें तो इस मामले में एक एवेल्यूटर समेत एक बिचौलिए की भूमिका अधिक संदिग्ध रही है। बिचौलिए के घर से ही चार-पांच केस बने हुए हैं। जबकि पुलिस में दर्ज हुई प्राथमिकी में पुरुषों के साथ कुछ महिलाओं के नाम भी शामिल हैं। उधर, डीएसपी मनमोहन सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
