धर्मशाला में आग, बड़ा हादसा टला

धर्मशाला। जिला मुख्यालय में शिक्षा बोर्ड के समीप आगजनी से सड़क के साथ लगता जंगल धू-धू कर जला उठा। शुक्रवार को देर शाम शिक्षा बोर्ड कालोनी के समीप अचानक जंगल ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग की प्रचंड लपटें 33 केवी ट्रांसफार्मर और दुकानों की ओर बढ़ गईं।
आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि जंगल के साथ लगी दुकानों और कालोनी को खतरा पैदा हो गया। कालोनी के क्वार्टरों में रहने वाले लोग और दुकानदार डर के मारे बाहर निकल आए। वहीं इस दौरान स्थानीय युवाओं कमलजीत, सुनील कुमार, विक्की और फोरेस्ट गार्ड सुरेश कुमार ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल टीम मौके पर पहुंच गई। इस दौरान अग्निशमन कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कालोनी और दुकानों की ओर बढ़ती आग पर काबू पा लिया। इससे पूर्व आगजनी की सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड ने शहर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके चलते सिविल लाइन एरिया में लगभग दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। अग्निश्मन विभाग और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फोरेस्ट गार्ड सुरेश चंद ने बताया कि उन्होंने समय रहते आगजनी की सूचना अग्निशमन विभाग को दे दी थी। अगर स्थानीय युवकों ने सहयोग नहीं किया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Related posts