
सैंज (कुल्लू)। सैंज घाटी के शलवाड में एक कार के खाई में गिरने से दो व्यापारियों की मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सैंज में डेंटिस्ट का काम करने वाले सुंदरनगर निवासी संतोष कुमार अपनी सेंट्रो कार में सैंज से औट की ओर जा रहे थे।
उनके साथ सैंज में फोटोग्राफर की दुकान करने वाले कमान सिंह निवासी रामपुर ज्यूरी भी थे। शलवाड के पास भूपू धार में करीब 5 बजे संतोष कुमार की कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर खाई में गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि दुर्घटना के बाद कार के परखचे उड़ गए। कार में सवार सुंदरनगर निवासी संतोष कुमार और रामपुर ज्यूरी निवासी कमान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शवों को बंजार अस्पताल भेजा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के छानबीन में जुट गई है। मामले की जांच सैंज चौकी प्रभारी नील चंद ठाकुर कर रहे हैं। कार में सवार दोनों व्यक्ति सैंज में दुकान करते थे। वे सैंज से औट के लिए जा रहे थे।
