मैहतपुर में दो दिन बनेंगे आधार कार्ड

मैहतपुर (ऊना)। जिन लोगों को किन्हीं कारणों से अपने आधार कार्ड नहीं मिल सकें हैं, उनके लिए एक गोल्डन चांस दिया जा रहा है। मैहतपुर स्थित एचपी गैस एजेंसी के प्रयासों से डीसी ऊना ने आधार कार्ड बनाने के लिए विशेष तौर पर दो दिन के लिए टीम भेजी है, जो शनिवार और रविवार को मैहतपुर गैस एजेंसी में उन गैस उपभोक्ताओं के आधार कार्ड बनाएगी, जिन्हें किन्हीं कारणों से आधार कार्ड नहीं मिले हैं। डीसी ऊना अभिषेक जैन की ओर से भेजी टीम ने गैस उपभोक्ताओं के आधार कार्ड तैयार करने का काम शुक्रवार शाम 4 बजे से शुरू कर दिया है। टीम यहां दो दिन शनिवार तथा रविवार को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आधार कार्ड तैयार करेगी। एचपी गैस एजेंसी मैहतपुर के प्रभारी परविंद्र ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। ठाकुर के मुताबिक एजेंसी से जुड़े कुल 17 हजार 374 घरेलू गैस उपभोक्ताओं में से डीबीसी के लिए अभी तक कुल 4 हजार 727 उपभोक्ताओं ने ही अपने आधार कार्ड की कापी अथवा अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करवाए हैं, जबकि अभी 12 हजार 647 उपभोक्ताओं के आधार कार्ड एवं दस्तावेज जमा होने शेष हैं, जिस कारण डीबीसी की प्रक्रिया का काम सिरे नहीं चढ़ पा रहा है। परविंद्र ठाकुर ने कहा कि जो गैस उपभोक्ता अपने आधार कार्ड बनवाना चाहते हैं, वह अपना घरेलू गैस उपभोक्ता कार्ड अर्थात गैस की कापी साथ लाकर एजेंसी में भी अपना आधार कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम जून से पूर्व डीबीसी की प्रक्रिया को पूरा किया जाना लाजिमी है।

Related posts