110 लाख से बनेगी हाईटेक इमरजेंसी

ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में जल्द ही रोगियाें को हाईटेक इमरजेंसी चिकित्सा सुविधाएं मुहैया होंगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आगामी 3 माह के दौरान इस सेवा को आरंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 60 लाख रुपए भवन और 50 लाख मशीनरी पर खर्च किए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि इस परियोजना में धन की कोई कमी आड़े नहीं आएगी। इस हाईटेक इमरजेंसी में वेंटिलेटर की सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी। इतना ही नहीं इमरजेंसी कक्ष के लिए अलग से लेबोरेटरी का प्रावधान भी किया जाएगा, जिससे रोगियों को टेस्ट करवाने के लिए दूरदराज तो क्या अस्पताल परिसर में स्थित दूसरी लैब तक भी भागना नहीं पड़ेगा। नई हाईटेक इमरजेंसी पूरी तरह वातानुकूलित होगी। इसमें पांच एअर कंडीशन स्थापित किए जा रहे हैं। जिसमें हर समय एक चिकित्सक उपलब्ध रहेगा।
इमरजेंसी के साथ ही अस्पताल परिसर में सीटी स्कैन की सुविधा भी आरंभ कर दी गई है। सीएमओ डा. जीआर कौशल ने बताया कि अब तक 80 रोगियों को क्षेत्रीय अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में लोगों को सीटी स्कैन की सुविधा दे रही महाराष्ट्र की कंपनी के मुख्यालय मुंबई से इस केंद्र को जोड़ा गया है। जहां से टेस्ट के साथ ही रोगियों की ऑनलाइन रिपोर्ट भी ऊना में उपलब्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि हाईटेक इमरजेंसी और सीटी स्कैन की सुविधा ऊना में मिलने से कई रोगियों को रेफर करने से भी निजात मिल जाएगी।

Related posts