एनएच के मरम्मत कार्य पर उठे सवाल

बिलासपुर । बीडीटीएस संघर्ष समिति बरमाणा ने राष्ट्रीय राजमार्ग चंडीगढ़-मनाली के हो रहे मरम्मत कार्य पर सवालिया निशान उठाए हैं। समिति का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-21 के मरम्मत कार्य के लिए स्वीकृत हुए बजट का दुरुपयोग किया जा रहा है। पैचवर्क के दौरान घटिया किस्म की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। जिसके चलते मरम्मत कार्य खत्म होने के बाद यह राजमार्ग दोबारा उसी स्थिति में पहुंच जाएगा। समिति ने मांग की है कि इस कार्य की निष्पक्ष जांच करवाई जाए।
बीडीटीएस संघर्ष समिति के प्रधान नीलम चंदेल ने वीरवार को प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि प्रशासन द्वारा दिन के समय इस राजमार्ग से ट्रकों की आवाजाही पर रोक लगाई है। वह न्याय संगत नहीं है। इससे ट्रक आपरेटरों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैचवर्क ही चल रहा है तो ट्रकों की आवाजाही पर कोई रोक लगाना उचित नहीं है। दिन में ट्रकों की आवाजाही पर रोक लगी होने के कारण रात के समय ट्रकों की आवाजाही बढ़ जाती है। जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है। ट्रक चालक समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। वहीं सबसे ज्यादा समस्या पीजीआई चंडीगढ़ जाने वाले मरीजों को उठानी पड़ रही है। उन्होंने मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग का मरम्मत कार्य निर्धारित समय पर पूरा करवाया जाए।

Related posts