
उरला (मंडी)। पधर पुलिस ने महिंद्रा जीप में देवदार की अवैध लकड़ी लेकर जा रहे तीन तस्करों को दबोचने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने तीनाें आरोपियाें और वाहन को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार बुधवार रात्रि पधर पुलिस दल ने एसएचओ संजीव सूद की अगुवाई में झटींगरी-कटींढ़ी मार्ग पर डायनापार्क के पास नाकाबंदी की थी। इस दौरान मार्ग से गुजर रही एक जीप सवार तस्कर पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। इन्हें पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। वाहन की तलाशी लेने पर देवदार के अवैध 13 स्लीपर और 51 कड़ियां बरामद हुईं। पुलिस ने तस्करी के आरोपियों चंद्रमणि निवासी कथोग चोहारघाटी, अवेश कुमार निवासी सुधार चोहारघाटी और मान सिंह निवासी फुटाखल झटींगरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। पकड़ी गई लकड़ी की कीमत 59,863 रुपए आंकी गई है।
एसएचओ संजीव सूद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। लकड़ी तस्करी को रोकने के लिए पुलिस ने नाकाबंदी और गश्त अभियान छेड़ रखा है। तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
