बिल नहीं चुकाया तो खेल नगरी में अंधेरा

धर्मशाला। नगर परिषद बिजली बोर्ड की कर्जदार हो गई है। नप पर एक करोड़ रुपए का बिजली बिल बकाया है। ऐसे में बोर्ड ने सख्त रुख अपनाते हुए नप को बिजली बिलों की अदायगी करने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। अब भी नगर परिषद निर्धारित समय के अंदर बिजली के बिल अदा नहीं करती है तो पूरे शहर की बिजली के कनेक्शन काटे जाएंगे। नगर परिषद से बोर्ड ने बिलों का लगभग 1 करोड़ रुपए वसूल करना है।
पहले भी नगर परिषद को बिलों की अदायगी के बारे में बोर्ड नोटिस के माध्यम से सूचित करता रहा है, मगर नप बिलों को जमा नहीं करवा रही है। अब बोर्ड ने हाईकोर्ट के आदेश अनुसार नप एरिया में बिजली के कनेक्शन काटने का फैसला लिया है। नगर परिषद को नोटिस अधीक्षण अभियंता कार्यालय धर्मशाला से भेजा जा चुका है। वहीं, नगर परिषद की मानें तो तमाम बिल लगभग पांच सालों से अदा नहीं हुए हैं। एक साथ बिलों को जमा करवाना नगर परिषद के लिए भी आफत बन गया है। तमाम वार्र्डों में रात के समय स्ट्रीट लाइटें जलती हैं। अब बिल जमा न होने के कारण राहगीरों की परेशानी भी बढ़ सकती है।

एकमुश्त अदायगी मुश्किल
उधर, नगर परिषद की अध्यक्ष कमला पटियाल ने कहा कि नप ने एक करोड़ रुपए का बिजली बिल अदा करना है। उन्होंने कहा कि बिल पिछले लंबे अरसे से अदा नहीं हुए हैं। ऐसे में एक साथ बिलों की अदायगी करने में परेशानी पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द बिलों को भरा जाएगा।

नोटिस भेजा है : चड्डा
विद्युत बोर्ड के एसडीओ एसके चड्डा ने बताया कि नगर परिषद को बिलों की अदायगी केलिए नोटिस भेजा गया है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद ने एक करोड़ रुपए का बिल भरना है। पहले भी कई बार बिलों की अदायगी के बारे में सूचित किया गया है। उन्होंने कहा कि 15 दिनों के अंदर बिलों की अदायगी नहीं होती है, तो सारे शहर के बिजली के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।

Related posts