हृदय गति रुकने से होमगार्ड की मौत

चिंतपूर्णी (ऊना)। चिंतपूर्णी मंदिर में तैनात होमगार्ड जवान की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय सोढ़ी राम निवासी बढेड़ा राजपूतां बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेजा है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार होमगार्ड सोढ़ी राम पिछले काफी समय से चिंतपूर्णी मंदिर में तैनात था। रोजाना की तरह वह वीरवार को ड्यूटी पर सुबह 6 बजे जा रहा था तो अचानक उसके सीने में दर्द उठा और वह रास्ते में ही गिर गया। मौके पर तैनात अन्य होमगार्ड के जवानों ने सोढ़ी राम को तुरंत चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे ग्लूकोज लगाया गया। लेकिन, कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई। उधर, चिंतपूर्णी अस्पताल में तैनात डा. बवीता शर्मा ने बताया कि सोढ़ी राम की मौत हार्ट अटैक से हुई है। चिंतपूर्णी थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।

Related posts