वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल

नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ उपमंडल के भाटियां स्थित टीवीएस कंपनी से दभोटा की ओर जा रहे एक मोटरसाइकिल को ढाणा की उतराई में विपरीत दिशा से आ रही एक इनोवा गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से उन्हें नालागढ़ अस्पताल लाया गया, जहां दोनों उपचाराधीन है।
इनोवा का चालक वाहन को मौके से लेकर फरार हो गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार टीवीएस कंपनी भाटियां में कार्यरत एवं बाइक राइडर विक्रम सिंह पुत्र निर्मल सिंह निवासी गांव दभोटा और नरेश कुमार पुत्र अवतार निवासी गांव बड़सर, जिला हमीरपुर मोटरसाइकिल पीबी 12पी 8554 पर सवार होकर मंगलवार रात्रि को दभोटा की ओर जा रहे थे। जब वह ढाणा की उतराई में पहुंचे तो विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आई एक इनोवा गाड़ी ने इनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल सड़क पर जा लुढ़का और दोनों युवक सड़क पर गिर गए, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। डीएसपी नालागढ़ सुशील शर्मा ने कहा कि पुलिस ने इनोवा गाड़ी के चालक के खिलाफ तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है, वहीं घायलों का मेडिकल करवाया गया है, जिसकी रिपोर्ट आनी शेष है।

Related posts