कारोबार पर गरमी की मार पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।

नूरपुर (कांगड़ा)। उपमंडल नूरपुर में गर्मी ने दिनों दिन अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से बढ़ते तापमान ने लोगों को दिन के समय घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। वहीं, स्कूली छात्रों को मजबूरन गर्मी में बाहर निकलना पड़ रहा है। शहर के हर हिस्से में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। इसके चलते बाजारों में रौनक गायब हो रही है। गर्मी के चलते लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। तेज धूप तथा गर्म हवाओं के चलते नूरपुर में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
स्थानीय व्यापारियों प्रदीप महाजन, रिशु महाजन, राकेश चौधरी, प्रदीप चौधरी, देसराज महाजन आदि का कहना है कि उनकी दुकान में ग्राहक शाम ढलते ही पहुंच रहे हैं. वहीं बाहरी ग्राहक न होने से उनका धंधा मंदा चल रहा है। दुकानदारों की मानें तो अभी देसी दिन जैसे की मृगसराईयां और मृगसर अभी बाकी हैं। क्योंकि इन दिनों में सबसे ज्यादा गर्मी होती है। लेकिन इस बार गर्मी ने पहले ही लोगों के पसीने छुड़ाने में जुट गई है, तो देसी दिनों में क्या होगा। उन्होंने कहा कि देसी दिनों में पहले से ज्यादा गर्म हवाओं और लू का गंभीर असर देखने को मिल सकता है।
ठंडी चीजों का करें सेवन
वहीं, एसएमओ नूरपुर एसके महाजन लोगों को लू से बचने के लिए ठंडी चीजों का सेवन करने, नींबू का रस, गन्ने का रस तथा अन्य शीतल पेय तथा शरीर के वजन के हिसाब से पानी पीने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे उपायों से गर्मी तथा लू से बचा जा सकता है।

Related posts