जैव विविधता पर बच्चों को किया जागरूक

ऊना। अंतरराष्ट्रीय जैव-विविधता दिवस के उपलक्ष्य पर बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुसाड़ा में ईको क्लब के सदस्यों और बच्चों ने साथ लगते जंगल का भ्रमण करके जैव विविधता की जानकारी हासिल की। प्रधानाचार्य राममूर्ति लट्ठ ने बताया कि इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य देश की अद्वितीय जैव-विविधता के संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से होने वाले नफे-नुकसान पर विशेष रूप से छात्रों को व्यापक रूप से जागरूक करना है। इसी कड़ी में स्कूल के 40 विद्यार्थियों और तीन शिक्षकों के दल ने पिछले दिनों अंब-अंदौरा पहुंची विशेष रेलगाड़ी ‘साइंस एक्सप्रेस’ का भ्रमण भी किया था। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों जैसे प्लाश, अमलतास, फालसा, गांदला, कांगू, बबूल, शीशम, आंवला, हिड़क, बसूटी आदि के बारे में जानकारी एकत्र की। इस मौके पर प्रारंभिक कक्षाओं के छात्रों के लिए एक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें आठवीं कक्षा के दीक्षित ने प्रथम, सातवीं की प्रिया ने द्वितीय और इसी कक्षा की निकिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर छात्रों के दल का नेतृत्व तुलसी ईको-क्लब की प्रभारी विज्ञान अध्यापिका सुनीता देवी, प्रवक्ता जीव विज्ञान पूनम जगोता, टीजीटी मेडिकल रश्मि बाली और प्रयोगशाला सहायक विनोद कुमार ने किया।

Related posts