बीएल शर्मा कल्लू के नए कृषि उप निदेशक

कुल्लू। एक माह से खाली चल रहे कृषि उपनिदेशक के पद पर डा. बीएल शर्मा ने मंगलवार को कार्यभार संभाल लिया। पूर्व कृषि उप निदेशक डा. ज्ञान ठाकुर के सेवानिवृत्त होने के बाद जिला कृषि अधिकारी डा. आरके कौंडल यह काम देख रहे थे। मंगलवार को विधिवत रूप से डा. बीएल शर्मा ने पदभार संभाल लिया।
उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करना और सरकारी योजनाओं को कृषकों तक पहुंचना उनकी प्राथमिकता रहेगी। शर्मा इससे पहले कांगड़ा जिला में कृषि उप निदेशक पद पर कार्यरत थे। किसानों को हर योजना के बारे में जागरूक किया जाएगा। मृदा परीक्षण को बढ़ावा देना, संतुलित खादों, कीट और फंफूद नाशकों का प्रयोग, जैविक खेती को बढ़ावा देने हेतु वर्मी कंपोस्ट का प्रयोग जैविक कीट नाशकों का इस्तेमाल करने बारे किसानों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा जिला में कृषक प्रशिक्षण शिविरों को प्राथमिकता दी जाएगी। पाली हाउस निर्माण, स्प्रिंकलर सिंचाई योजना और सिंचाई टैंक आदि का निर्माण करवाकर सिंचाई जल का किसानों को लाभ दिलवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कृषकों को विभिन्न विकास खंडों में स्थित कृषि विक्रय केंद्रों के माध्यम से मक्की, धान और चारे के बीजों पर सरकार 50 प्रतिशत अनुदान दे रही है। इसका किसानों को फायदा उठाना चाहिए। इस दौरान उनका हिमाचल प्रदेश कृषि सेवा संघ कुल्लू इकाई के प्रधान डा. शेर सिंह ठाकुर, महासचिव डा. धर्मपाल गौतम, सचिव डा. ऋतु गुप्ता, संयुक्त सचिव डा. सुशील कुमार, प्रेस सचिव डा. बलदेव पराशर, डा. राजेंद्र भारद्वाज, डा. संजय मरवाह, डा. सूद, डा. पवन ठाकुर, डा. दिनेश ठाकुर ने डा. बीएल शर्मा को उप निदेशक का कार्यभार संभालने पर बधाई दी।

Related posts