वन विभाग ने मढ़ी में हटाए आठ खोखे

मढ़ी (मनाली)। उच्च न्यायालय के आदेश पर वन विभाग ने मनाली-रोहतांग मार्ग पर बने ढाबों और खोखों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को विभागीय टीम ने मढी से आठ खोखे हटा दिए। वन विभाग की यह कार्रवाई में 25 ढाबों पर होनी थी लेकिन 17 ढाबा और खोखा मालिकों ने उच्च न्यायालय से स्टे ले लिया है।
डीएफओ बीएल नेगी ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना करते हुए उन्होंने मढ़ी से खोखे हटाने की कार्रवाई आरंभ की। इस दौरान आठ ढाबों और खोखों को हटाया गया है। यह सभी ढाबे वन अधिनियम के खिलाफ बने हैं। कार्रवाई के बारे उच्च न्यायालय को अवगत करवाया जाएगा। विभाग के नोटिस के बाद कुछ लोगों ने खुद ही अपने कारोबार को समेट लिया था।
एसडीएम मनाली विनय धीमान ने बताया कि मढ़ी में शांतिपूर्ण तरीके से वन भूमि में बने खोखों को हटाया गया। यहां खड़े कि ढाबे और खोखे किसी भी प्रकार से राजस्व रिकार्ड में नहीं है। अगली सुनवाई के बाद जो भी आदेश उच्च न्यायालय के आएंगे उस पर अमल किया जाएगा। डीएसपी मनाली शमशेर सिंह ने बताया कि उच्च न्यायालय आदेशानुसार पुलिस विभाग की टीम भी इस मौके पर मौजूद रही। उधर मढ़ी में खोखों के मालिक राजू ,छेरिंग, डोलमा और देचिंन ने कहा कि वह अपने खोखों में किसी प्रकार से व्यावसायिक गतिविधियां अब नहीं कर सकते। 1951 से उनके पूर्वज इन खोखों में रह रहे हैं।

Related posts