
पंजावर (ऊना)। अपर पंजावर क्षेत्र में दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान एक महिला ने इसी क्षेत्र के व्यक्ति पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। घटना में व्यक्ति लहूलुहान हो गया। वारदात में घायल शख्स की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। घायल व्यक्ति का अस्पताल में उपचार कराया गया। बताया जा रहा है कि मंदिर निर्माण कार्य के दौरान छिड़े विवाद के बाद यह घटना हुई।
पुलिस के अनुसार विक्रम सिंह निवासी अपर पंजावर ने शिकायत दर्ज करवाई कि मंगलवार को अपर पंजावर मोहल्ला में वह अपने कार्य में व्यस्त था। वहां मंदिर निर्माण को लेकर नींव खोदी जा रही थी। इस दौरान वचनो नामक महिला ने दराटी से विक्रम के सिर पर वार कर दिया। जिससे विक्रम के सिर से रक्त बहने लगा। विक्रम का अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस ने महिला के खिलाफ भादसं की धारा 324, 504 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस इस वारदात को फिलहाल जमीन विवाद से जोेड़कर देख रही है। एसपी केसी शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी महिला के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
