गर्मी, ऊपर से विद्युत कटों ने बढ़ाई मुसीबत

पालकवाह (ऊना)। पालकवाह में एक ही दिन में बार-बार विद्युत आपूर्ति ठप रहने के चलते लोगोें को भयंकर गर्मी में परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। हालत ऐसी है कि पालकवाह क्षेत्र में कब विद्युत कट लग जाए, किसी को कुछ पता नहीं है। एक तरफ जहां भीषण गर्मी ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है, ऊपर से लंबे विद्युत कटों ने लोगों की मुसीबतें और बढ़ा दी हैं। लोगों ने विद्युत बोर्ड के खिलाफ गहरा रोष जताया है।
स्थानीय लोगों में रमेश चंद शर्मा, दिलबाग सिंह, राजीव, शिव कुमार, कर्म चंद, मंगत राम, विनोद कुमार, दलबीर, जसवीर राणा, यशपाल सिंह, नत्थू राम, जसवीर सिंह, प्रवीण फौजी, बिट्टा राणा का कहना है कि विद्युत बोर्ड को लोगों की समस्याओं पर ध्यान देते हुए बिजली आपूर्ति सुचारु करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कई दफा तो तपती दोपहरी में लोगों को पंखों का सहारा भी नहीं मिल पाता है, जबकि रात्रि के समय लगने वाले लंबे-लंबे कटों के बीच छोटे-छोटे बच्चों को गर्मी और मच्छरों से परेशान होना पड़ता है। यदि बोर्ड की ओर से विद्युत आपूर्ति को सुचारु नहीं किया गया तो वे बोर्ड कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करने को विवश होंगे। उधर, विद्युत बोर्ड के एसडीओ जोगेंद्र नीलू का कहना है रविवार को ट्रांसफार्मर के सड़ने से समस्या पेश आई थी। उन्होंने कहा कि सोमवार को नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने के बाद विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी है।

Related posts