
कुल्लू। हिमाचल किसान सभा पंचायत कमेटी न्योली के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर रामशीला-ग्राहण-जगोट सड़क की रिपेयर और पक्का करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को किसानसभा के महासचिव हौतम सिंह सौंखला के नेतृत्व में मुलाकात की। हौतम सौंखला ने कहा कि इस सड़क को बने 20 साल हो गए हैं लेकिन किसी भी सरकार और लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क को पक्का करने पर ध्यान नहीं दिया।
किसान सभा ने प्रदेश सरकार और विभाग से मांग की है कि अगर यह सड़क शीघ्र पक्की नहीं की गई तो किसान सभा को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा। किसान सभा पंचायत कमेटी के प्रधान शेर सिंह राणा और सचिव प्रवीण कुमार ने कहा कि सड़क की हालत खराब होने से देवधार, न्योली, जुआणी, बराधा, थरमाहण, ग्राहण और जगोट की आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रतिनिधिमंडल में किसान नेता राजेश ठाकुर, जीवन सिंह, घनश्याम और डुगलू राम शामिल रहे।
