
कुल्लू। मंडी जिला भाजपा अध्यक्ष जवाहर ठाकुर ने झीड़ी में हुए बस हादसे के दौरान बचाव कार्य में हुई देरी पर चिंता जताई। जवाहर ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में ऐसे बड़े हादसों से निपटने के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। एनएच 21 पर कुल्लू जिला मुख्यालय से महज 20 किलोमीटर दूरी हुई इस दुर्घटना में कई घंटों के बाद क्रेन पहुंची। यदि समय पर राहत कार्य शुरू हो जाता तो कई जानें बच सकती थीं। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े हादसों से निपटने के लिए मंडी और कुल्लू के बीच एक बचाव दल का गठन किया जाना है। बस हादसे के दौरान कई जिंदगियों को बचाने के लिए मंडी जिला भाजपा अध्यक्ष जवाहर ठाकुर ने राफ्टरों और स्थानीय लोगों का धन्यवाद भी किया। जिला भाजपा अध्यक्ष ने मांग की कि पंडोह से लेकर मनाली तक व्यास के किनारे रेलिंग लगाई जाए। उन्होंने कहा कि पंडोह से लेकर औट तक जिन स्थानों पर रेलिंग टूटी हुई है, उसकी शीघ्र रिपेयर की जानी चाहिए। कहा कि रेलिंग लगने से कुछ हद तक हादसे कम हो सकते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से निजी बसों को तय समय पर चलाने के प्रयास करने और बसों के बीच गैप बनाए रखने की भी मांग की। कहा कि बसों में प्रशिक्षित लोगों को चालक बनाया जाए और उनके लिए वर्दी अनिवार्य की जाए।
