72 में से सिर्फ छह विद्यार्थी पास

ऊना। अंब क्षेत्र में पड़ते एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दसवीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम बेहद खराब रहा है। रविवार सायं जारी हुए परीक्षा परिणाम में इस सरकारी स्कूल के 72 में से मात्र 6 विद्यार्थी ही उत्तीर्ण हो पाए हैं। मामले को लेकर अभिभावकों का पारा भी चढ़ गया है। अभिभावकों ने मामले को प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग के आला अफसरों के समक्ष भी उठाए जाने की तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इससे पूर्व इसी स्कूल का जमा दो आर्ट्स का परीक्षा परिणाम भी शून्य रहा था। इसमें सभी 18 विद्यार्थी फेल हो गए थे। उसी को लेकर क्षेत्रवासियाें में गुस्सा भड़क उठा था। अब दसवीं के परीक्षा परिणाम ने तो आग में घी का काम कर डाला है।
स्कूल के एसएमसी उपाध्यक्ष रुकमदीन, अन्य अभिभावकों में बाबू राम, कपूरदीन, तूफान सिंह, राम प्रकाश, दौलत राम, शेरदीन ने बताया कि पहले जमा दो का परीक्षा परिणाम शून्य रहा। इसमें स्कूल के सभी 18 विद्यार्थी फेल हुए। अब दसवीं के कक्षा के परिणाम ने तो हद ही पार कर डाली है। 72 में से मात्र 6 छात्र ही उत्तीर्ण हो पाए हैं। मामले को सरकार और शिक्षा विभाग के समक्ष उठाया जाएगा। बताया जा रहा है कि उक्त स्कूल के प्रधानाचार्य पिछले काफी समय से पीजीआई में उपचाराधीन हैं। उच्च शिक्षा विभाग में शिक्षा उप निदेशक और उसके बाद कार्यालय संभालने वाले अधीक्षक ग्रेड-1 के पद भी खाली हैं। इससे स्कूल सहित पूरे विभाग में इस प्रकरण की जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है। न ही इस मामले में कोई शिक्षक या कर्मचारी बोलने को तैयार है।
शिक्षा उप निदेशक निर्मल रानी का कहना है कि इस संदर्भ में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत आती है तो मामले की छानबीन अवश्य की जाएगी।

Related posts