
अंब (ऊना)। चिलचिलाती गर्मी ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। आलम यह है कि लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए है। सड़कों और बाजारों में सन्नाटा छाया हुआ है। इससे व्यापारी वर्ग को खासा नुकसान झेलना पड़ रहा है। प्रचंड गर्मी के चलते शादी के सीजन होते हुए भी बाजार से ग्राहक नदारद है। दुकानदार पूरा दिन आराम कर समय व्यतीत कर रहे हैं। उपमंडल के तहत पड़ते दुकानदारों रमेश कुमार, विपिन, सचदेव, प्रवीण, आदित्य, सौरभ, कपड़ा व्यवसायी सुरेश अरोड़ा, प्रमोद, रिषभ, कमलेश, बर्तन व्यवसायी सुरेश, मनोज, अभिजीत, दर्शन ने बताया कि इस साल विगत वर्षों की तुलना में महज 25 प्रतिशत व्यापार भी नहीं हुआ है। गर्मी के चलते ग्राहक बाजारों में दस्तक नहीं दे रहा है। इससे व्यापार मंदी की मार झेल रहा है। सुबह एवं शाम के वक्त ही दुकानों में इक्का-दुक्का ग्राहक पहुंच रहा है।
