
ऊना। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विस क्षेत्र के अपने प्रवास के तीसरे दिन सोमवार को लोअर बढेड़ा से लोअर कांगड़ तक 75 लाख से बनने वाली सड़क का भूमिपूजन किया। उन्होंने सलोह एवं भदसाली सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में 90-90 लाख की लागत से बनने वाली विज्ञान प्रयोगशालाओं की आधारशिला भी रखी।
लोअर बढेड़ा, सलोह और भदसाली में उद्योग मंत्री ने जनसभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरोली विस क्षेत्र में सड़कों का नेटवर्क मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जाएंगे। हलके के हर चौक का सौंदर्यीकरण करने के अलावा उनका आकार बढ़ाया जाएगा जिससे वहां से वाहन सुगमता से गुजर सकें। लोअर बढेड़ा से लोअर कांगड़ तक करीब 2 किलोमीटर लंबी सड़क 6 माह में तैयार हो जाएगी। इसके निर्माण में कोई अड़चन बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भदसाली में नई सब्जी मंडी बनाने की सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है।
यहां सभी सुविधाओं से सुसज्जित एक बड़ी सब्जी मंडी का निर्माण किया जाएगा। भदसाली में शीघ्र ही खूबसूरत रेन शेल्टर निर्मित किया जाएगा। उन्होंने भदसाली सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कॉमर्स संकाय की कक्षाएं शुरू करने का भी ऐलान किया। लोअर बढेड़ा के महिला मंडल भवन और सलोह सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रंग-रोगन के लिए जल्द ही राशि जारी कर दी जाएगी।
जनसभाओं में एग्रो पैकेजिंग के पूर्व वाइस चेयरमैन ओंकार शर्मा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत राणा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, हरोली युवा कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा, जिला परिषद सदस्य दर्शना कुमारी, लोअर बढेड़ा की प्रधान सरोज शर्मा, कांगड़ के प्रधान विनोद बिट्टू, भदसाली के प्रधान यशपाल, पूर्व जिप सदस्य धर्म सिंह चौधरी, हंसराज शर्मा, गुरदियाल सिंह, घालूवाल की प्रधान राजरानी, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता एके कोहली, अधिशासी अभियंता एचसी भारद्वाज एवं एसडीएम धनवीर ठाकुर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
