पत्नी की तलाश में दर-दर भटक रहा पति

आनी (कुल्लू)। क्षेत्र की बुच्छैर पंचायत के जाओं गांव का धर्मदास अपनी पत्नी को तलाश करने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। हर जगह तलाश करने के बाद भी धर्मदास को उनकी पत्नी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। जबकि, कुछ लोग फोन कर धर्मदास को मारने की भी धमकी दे रहे हैं। इधर, पुलिस आश्वासन के अलावा कुछ नहीं कर पा रही है।
किल्टे बनाकर गुजर बसर करने वाला धर्मदास अपनी नवीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी ममता और सातवीं में पढ़ने वाले बेटे सुनील कुमार को साथ लेकर अपनी लापता पत्नी की तलाश में दर-दर भटक रहा है। उसने बताया कि 27 फरवरी के दिन उसकी पत्नी करीब चार माह बाद अपने मायके से लौटी थी और उसके आने के बाद 28 फरवरी को अपने बच्चों को उनकी मां के हवाले कर धर्मदास अपने बनाए हुए किल्टे बेचने निकल गया। धर्मदास के साथ आए उसके बेटे सुनील ने बताया कि एक मार्च को उसकी मां ने किसी के साथ फोन पर बात की और वह उन्हें यह कह कर चली गई कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है और वह आनी इलाज के लिए जा रही है। जब अगले दिन धर्मदास घर आया तो पत्नी को तलाशना शुरू किया और पांच मार्च को आनी थाना में जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। धर्मदास का कहना है कि अब स्थिति यह है कि बच्चों की गुम मां को तलाश करे या बच्चों का पालन-पोषण और देखभाल करें। डीएसपी आनी परवीर ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज है और छानबीन की जा रही है

Related posts