
नेरचौक (मंडी)। बल्हघाटी के लेदा में शरारती तत्वों ने दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया। शराब के नशे में युवकों ने दुकानदार की जमकर धुनाई कर डाली। इस घटना में दुकानदार के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। शरारती तत्वों ने लोहे की रॉड़ से दुकानदार को पीटा। ऐने वक्त पर पीड़ित की बीबी तथा बेटी के शोर मचाने पर शरारती तत्व भाग निकले। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 9:30 बजे दुकानदार अच्छरू राम अपने सर्विस स्टेशन में खाना खा रहा था। तभी शराब के नशे में वहां दो युवक आए। नशे में धुत युवकों ने दुकानदार पर हमला कर लोहे की रॉड़ तथा लात घूसों से उसे पीटना शुरू कर दिया। पत्नी तथा बेटी के शोर मचाने पर आसपास से लोग मदद को पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार हमलावराें को पहचान नहीं सका। शिकायत पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 324, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घायल दुकानदार सुंदरनगर अस्पताल में उपचाराधीन है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ बल्ह ओमराज ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
