
गोहर (मंडी)। चैलचौक-करसोग सड़क पर ब्राहोकड़ी नाले में एक इंडिका कार के गहरी खाई में गिरने से कार में सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक और व्यक्ति कार में सवार था, जो घटनास्थल से फरार हो गया है। हादसा रविवार दोपहर बाद करीब दो बजे पेश आया। कार में पांच पंडित पाठ के लिए पांगणा की ओर जा रहे थे। मृतक की पहचान पवन कुमार शर्मा निवासी भटवाड तहसील सदर के रूप में हुई है, जबकि घायलों में बुद्धि सिंह निवासी कनैड़, डोलू राम निवासी घनियाड़ी तथा श्याम लाल निवासी मौवीसेरी हैं। चौथे घायल के नाम का पता नहीं चल सका है, जो मौके से फरार बताया जा रहा है। गोहर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी गोहर नवीन झालटा ने सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब दो बजे इंडिका कार में पांचों पंडित सवार होकर पांगणा क्षेत्र की ओर पाठ समारोह के लिए निकले थे। ब्राहोकड़ी नाले के पास अचानक चालक पवन कुमार ने स्टेयरिंग से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार अचानक नाले में लुढ़क गई। चालक पवन कुमार शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अन्य तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सड़क मार्ग पहुंचाया गया, जहां से उन्हें रोहांडा अस्पताल पहुंचाया गया। रोहांडा में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को सुंदरनगर रेफर कर दिया गया है। गोहर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है। मामला दर्ज करके हादसे की जांच शुरू कर दी है। एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
