गले की हड्डी नहीं कार्यकर्ता : सुखविंद्र

धर्मशाला। प्रदेश कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह ने कहा कि अनुशासन, ईमानदारी व नैतिकता संगठन के लिए जरूरी है। कई बार संगठन हित में कड़े फैसले भी लेने पड़ते हैं। रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी की धर्मशाला के सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए उन्होंने कहा कि जब हमारी कथनी व करनी में फर्क होता है तो कार्यकर्ताओं से दूरियां बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव कांग्रेस संगठन के दम पर लड़ेगी।
संगठन की ताकत कार्यकर्ता हैं तथा कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेवारी निभाते हुए बूथ स्तर पर पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करना होगा। सुखविंद्र ने कहा कि चुनावों से पहले कार्यकर्ताओं को रीढ़ की हड्डी और बाद में गले की हड्डी समझना गलत है। कार्यकर्ताओं को सुधारने से पहले हम नेताओं को सुधरना होगा। इस अवसर पर परिवहन मंत्री जीएस बाली, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन, जयसिंहपुर के विधायक यादवेंद्र गोमा, मुख्य संसदीय सचिव जगजीवन पाल, पूर्व सांसद चंद्र कुमार, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, जिला अध्यक्ष सुमन वर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव अजय वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व जिला कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी नेताओं ने एक सुर में एकजुट होकर आगामी लोकसभा चुनावों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। बाली ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा काम बस डीओ तक सीमित नहीं होना चाहिए। पार्टी में अनुशासन तो है, लेकिन कुछ कमियां भी हैं, जिनकी ओर ध्यान देने की जरूरत है। पार्टी के कार्यकर्ताओं को आईडी कार्ड दिए जाने चाहिए।

Related posts