
केलांग। मौजूदा क्रिकेट संघ के खिलाफ घाटी के खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों ने भी मोर्चा खोल दिया है। खिलाड़ियों ने नए संघ का समर्थन करते हुए मौजूदा क्रिकेट संघ की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौजूदा क्रिकेट संघ के मीडिया में जारी उस ब्यान पर नए संघ ने स्पष्टीकरण मांगा है जिसमें कहा था कि कोई भी सरकारी कर्मी क्रिकेट संघ का पदाधिकारी नहीं बन सकता। नए संघ ने मौजूदा संघ से पूछा है कि नियमों के तहत फिर संघ की कमान किस व्यवसाय से जुडे़ लोग संभाल सकते हैं। कहा कि व्यक्तिगत टिप्पणी करने की बजाए लाहौल-स्पीति क्रिकेट संघ को मजबूत करने की बात करें। क्रिकेट खिलाड़ी सुरेंद्र, कुलजीत, मनोज, रोहित, छेटुग, रिगजिन, अशोक वाटा, और क्रिकेट प्रेमी राजू ठाकुर, अमर, विनोद, रत्तन, जगदीश और दोरजे ने कहा कि जिला क्रिकेट टीम के लिए खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया घाटी में करवाई जाए। नए क्रिकेट संघ के मीडिया प्रभारी अनिल सहगल ने कहा है कि घाटी में क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और दूर-दराज के गांवों में छुपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए उनका संघ प्रयासरत है। नए क्रिकेट संघ में जिला के हर क्षेत्र को प्रतिनिधित्व दिया है। इसकी सूची उन्होंने प्रदेश क्रिकेट संघ को भेज दी है। उधर, प्रदेश क्रिकेट संघ के महासचिव विशाल मारवाह ने कहा कि लाहौल-स्पीति जिला में बने नए क्रिकेट संघ की सूचना उन्हें मिली है। प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन क्रिकेट को प्रमोट करने के लिए नियमानुसार हर संभव सहायता प्रदान करती है। चाहे जिला क्रिकेट टूर्नामेंट की बात हो या फिर अंडर-16,अंडर-19 तथा जिला स्तर की टीम की चयन और प्रतियोगिता में भाग का मसला।
