
ऊना/मैहतपुर। मैहतपुर में रविवार को स्कूटर और बाइक में भिड़ंत हो गई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे नाजुक हालत के चलते चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहतपुर में रविवार शाम एक्टिवा स्कूटर एवं बाइक में टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार पूर्ण सिंह निवासी देहलां गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, लेकिन उसकी नाजुक होती हालत के चलते पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
उधर, थाना ऊना के अंतर्गत कृष्ण कुमार पुत्र राम सिंह निवासी मलाहत ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह एवं उनकी माता रविवार को बाइक नंबर पीबी-10, बीएल-4736 पर जा रहे थे। इसी दौरान मलाहत में एक पिकअप ट्राला ऊना की तरफ से तेज रफ्तार से आया और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कृष्ण कुमार और उसकी माता को चोटें आई हैं। दोनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने दोनों हादसों के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है
