पानी न मिलने से चढ़ा लोगों का पारा

अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत पड़ते ऊंचाई वाले क्षेत्रों रपोह मिसरां, चक्कसराय, त्याई, सलोई, जिज्जर, लोहारा, अंबा दा पद्धर, बेहड़, किन्नू, कुहाड़छन्न, प्रांब में लोगों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, आईपीएच विभाग की ओर से हर क्षेत्र में स्कीमों की स्थापना की गई है, लेकिन लोगों की दिक्कतें कम नहीं हुई हैं। वहीं, आईपीएच विभाग ने भी मामले को लेकर बिजली बोर्ड के सिर ठीकरा फोड़ दिया है।
क्षेत्र के बाशिंदों रामानुज, सुदर्शन, कविता, सोनी, अजीत कुमार, रोशनदीप, सागर, राहुल, रणजीत कुमार, प्रवीण कुमार, जगतराम, मोहन लाल, ठाकुर हरबंश सिंह, किशोरी लाल ने बताया कि यह किसी एक परिवार की समस्या नहीं बल्कि हर पंचायत के ऊपरी क्षेत्र में बसे लोगों की समस्या है। जहां पानी की बूंद तक नहीं पहुंच पा रही है। लोगों ने विभाग के आला अधिकारियों एवं क्षेत्र के विधायक कुलदीप कुमार से आग्रह किया है कि बढ़ती गर्मी में लोगों को पानी की समस्या से तुरंत निजात दिलाई जाए। तपती धूप में पीने का पानी ढोना हर किसी के लिए मुसीबत बन गया है। इस संदर्भ में आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता हरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि कई स्कीमों में पंपों के खराब एवं जलने की समस्या आई थी। जिसे तुरंत प्रभाव से दुरुस्त कर लोगों को पानी की समस्या से निजात दिलाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, कुछ क्षेत्रों में बिजली की वोल्टेज की समस्या है, जिस कारण पानी ऊपरी क्षेत्र में नहीं चढ़ पा रहा है।
उधर, विद्युत बोर्ड के एसडीओ लेखराज शर्मा का कहना है कि यदि कहीं वोल्टेज की समस्या आई है तो आईपीएच विभाग को चाहिए कि उसके बारे में तुरंत अवगत कराए। ऐसी कोई भी सूचना आने पर उसका निवारण तुरंत किया जाएगा।

Related posts