
हमीरपुर। हाई स्कूल नरेली में दसवीं कक्षा की परीक्षा के दौरान छात्रा को थप्पड़ मारने के मामले में जांच शुरू हो गई है। विभाग ने उच्च शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर को जांच करने के आदेश दिए हैं। जांच कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए उपनिदेशक ने वीरवार को स्कूल छात्रों और अध्यापकों के बयान लिए। गौर रहे कि हाई स्कूल नरेली मेें दसवीं कक्षा की परीक्षा के दौरान छात्रा को मुख्याध्यापिका ने थप्पड़ रसीद कर दिया था। थप्पड़ मारने को लेकर केंद्र अधीक्षक और मुख्याध्यापिका के बीच विवाद हो गया था। विवाद के कारण बोर्ड सचिव को दी गई रिपोर्ट के अनुसार केंद्र अधीक्षक को परीक्षा केंद्र से हटा दिया गया। केंद्र में अन्य अधीक्षक की नियुक्ति की गई थी लेकिन अधीक्षक की अपील पर बोर्ड ने जांच बिठाई। इसमें छात्रों ने मुख्याध्यापिका द्वारा थप्पड़ मारने की बात कबूली। बोर्ड ने मामले को शिक्षा विभाग को प्रेषित कर दिया था। इसके आधार पर विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं तथा उपनिदेशक को रिपोर्ट देने को कहा है। उपनिदेशक ने स्कूल में पहुंचकर मुख्याध्यापिका, केंद्र अधीक्षक, अतिरिक्त अधीक्षक और छात्रों के ब्यान लिए।
इस संदर्भ में उच्च शिक्षा उपनिदेशक आरसी तबियाल का कहना है कि विभागीय जांच चल रही है। मामले से संबंधित आधा दर्जन लोगों के ब्यान लिए गए हैं। रिपोर्ट तैयार कर विभाग को भेजी जाएगी।
