
कुल्लू। जुआरियों ने मेले की आड़ पर जुए के अड्डे लगाना भी शुरू कर दिए हैं। इसी तर्ज पर बंजार में जुआ खेलते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग ठिकानों में दबिश देकर 15 जुआरियों को मौके से धर दबोचा है। पुलिस ने ताश के पते फेंटते रहे लोगों से करीब दो लाख रुपये भी रिकवर किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बंजार घाटी के जिभी में स्थित एक निजी होटल में जुआरियों की होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर होटल में छापेमारी कर 6 लोगों से 62,510 रुपये की राशि बरामद की।
दूसरे मामले में मंगलौर में पुलिस ने एक चाय के ढाबे में छापेमारी कर 9 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा। यहां ताश के पत्तों पर दांव में लगी 1,25800 रुपये बरामद किए गए। एसपी डा.विनोद धवन ने बताया कि पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों मामलों में 15 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया है। एसपी ने कहा कि पुलिस ने मौके पर करीब 1,88310 रुपये की नकदी को कब्जे में लिया है। कहा कि पुलिस ने मेले के दौरान जुआरियों पर शिकंजा कसने के लिए एक दल बनाया है। यह सूचना मिलते ही दबिश देता है। एसपी धवन ने आम लोगों से भी आग्रह किया है कि वह ऐसी सूचनाएं तत्काल पुलिस को दें।
