लठियाणी में जल्द बनेगा पीएचसी

बंगाणा (ऊना)। लठियाणी के नलूट गांव में लोनिवि एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पीएचसी लठियाणी के लिए चयन की गई भूमि का निरीक्षण किया। यहां जल्द ही पीएचसी के भवन का निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। 2 मई के अंक में अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। जिसके चलते सरकार और विभाग हरकत में आ गए हैं। इस मौके पर कुटलैहड़ कांग्रेस नेता रामदास मलांगड़ भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी जीआर कौशल, खंड स्वास्थ्य अधिकारी घनश्याम उपाध्याय, स्वास्थ्य कार्यकर्ता तनोह केके सहगल, लोनिवि बंगाणा के एसडीओ राजेश धीमान, जेई सुनील शर्मा लठियाणी, पटवारी विजय कुमार लठियाणी, पटवारी योगराज राजली बन्याला भी मौके पर मौजूद रहे। रामदास मलांगड़ ने बताया कि काफी समय से भाजपा की ओर से स्वास्थ्य केंद्र के लिए गलत चयन की गई जगह से पीएचसी लठियाणी का कार्य रुका हुआ था। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही कोहडरा, बुधान, लठियाणी एवं तनोह पंचायतों की लगभग 25 हजार जनता की उम्मीदें इस स्वास्थ्य केंद्र को लेकर दोबारा जग गई हैं। वीरभद्र सिंह ने उपायुक्त को पीएचसी लठियाणी के लिए चयन की गई जगह का निरीक्षण करने के लिए तत्काल लोनिवि एवं स्वास्थ्य विभाग की एक टीम को मौके पर भेजकर जगह का जायजा लेने के आदेश दिए हैं। बुधवार को टीम ने लठियाणी के नलूट में पहुंचकर पीएचसी के लिए चयन की गई जगह का औपचारिक निरीक्षण किया। इस मौके पर कुटलैहड़ ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र फौजी, जिला कांग्रेस प्रवक्ता विवेक शर्मा, प्रधान महेंद्र सिंह लठियाणी, प्रधान शिवनाथ शर्मा बुधान, उपप्रधान डा. किशोरी लाल शर्मा तनोह तथा तिलक राज उर्फ कूकी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts