
ऊना। टक्का रोड स्थित कोटला कलां में शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्चे और महिला सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलाें को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार दिलाया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हादसे की छानबीन आरंभ कर दी है। हादसा बाइक और स्कूटर की आमने-सामने हुई टक्कर के कारण हुआ। इसमें महिला और उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ऊना के कोटला में दोपहिया वाहनों की टक्कर में पांच व्यक्ति घायल हुए हैं। घायलों में सिकंदराबाद उत्तर प्रदेश निवासी 40 वर्षीय अभिमन्यु कुमार शर्मा, उनकी पत्नी 37 वर्षीय रजनी बाला और 4 वर्षीय बच्चा शौर्य शामिल है। इनके अलावा बसदेहड़ा निवासी 60 वर्षीय तेलू राम पुत्र धनी राम और रायपुर सहोड़ा निवासी 36 वर्षीय महेश कुमार भी घायलों में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अभिमन्यु कुमार शर्मा अब ऊना जिला के देहलां में रहते हैं और अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मनोहर मार्केट स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। वापस आते समय हादसे का शिकार हो गए। यातायात पुलिस प्रभारी मनजीत ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है। अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।
