130 झुग्गियां आग की भेंट चढ़ीं

ऊना। बसाल गांव में भीषण अग्निकांड में प्रवासी मजदूरों की 130 झुग्गियां राख हो गई हैं। इससे लाखों की संपत्ति जलने का अनुमान है। आग इतनी भयंकर थी कि पलभर में सब कुछ तबाह हो गया। दोपहर के वक्त लगी आग से क्षेत्र का तापमान एकाएक बढ़ गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर बाद बसाल में प्रवासी मजदूरों की लगभग 130 झुग्गियां अचानक आग की चपेट में आ गई। घटना के वक्त प्रवासी मजदूर अपने कार्य क्षेत्रों को गए हुए थे। भीषण लपटों को देख घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग इतनी भयानक थी कि झुग्गियां पलभर में राख के ढेर में तबदील हो गई। सूचना के बाद घटना स्थल पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने काफी कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है। उधर, एसपी खुशहाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

Related posts